बागपत। बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कालेज में 11 सितंबर को होने वाले दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के भूमि पूजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की जनसभा को लेकर रूट डायवर्जन रहेगा। बड़ौत में भारी वाहनों की एंट्री नहीं होने दी जाएगी।
बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कालेज के मैदान पर 11 सितंबर को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का भूमि पूजन कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी यज्ञ के बाद भूमि पूजन करेंगे। पुलिस ने जिले में रूट डायवर्जन का प्लान भी तैयार कर लिया है। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोनीपत से आने वाले यातायात को जो शामली या सहारनपुर जाएंगे। उन्हें गौरीपुर मोड़ से वंदना चौक होते हुए सराय रोड से वाया बिनौली, दाहा-भड़ल-सहारनपुर भेजा जाएगा। दिल्ली से शामली, सहारनपुर को जाने वाले यातायात को वंदना चौक से होते हुए सराय रोड से वाया बिनौली-दाहा से शामली की तरफ भेजा जाएगा। शामली की तरफ से आने वाले यातायात को बड़ौत में पशु पैंठ से लौहड्डा रजबहे की पटरी से होते हुए मेरठ-बिनौली मार्ग की तरफ भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि बड़ौत में भारी वाहनों की एंट्री नहीं होने दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल के पास किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। जनसभा स्थल से एक-एक किमी पहले ही वाहनों को रोक दिया जाएगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगी। आसपास के मकानों की छतों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो दूरबीन से लोगों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
सात जगह रहेगी पार्किंग व्यवस्था
बागपत। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए बड़ौत में सात जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जनता वैदिक डिग्री कालेज परिसर में घासीराम गेट के पास खाली पड़े मैदान में वीआईपी वाहनों की पार्किंग होगी। दिल्ली रोड पर छपरौली चुंगी से आगे उत्कर्ष नर्सिंग होम के सामने खाली पड़े मैदान में वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। छपरौली चुंगी से बावली चुंगी तक सडक़ के किनारे पार्किंग, दिल्ली-सहारनपुर रोड से रमाला की तरफ से आने वाले वाहनों की पशु पैठ में पार्किंग, जाट इंटर कालेज के परिसर मेें खाली मैदान में छोटे वाहनों के लिए पार्किंग, छोटे वाहनों के लिए महात्मा गांधी इंटर कालेज के फील्ड में पार्किंग, बिजरौल रोड बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज के सामने खाली पड़े मैदान में बड़े वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बड़े वाहनों की पार्किंग स्थल के पास चार क्रेन रहेंगी।
जनसभा स्थल में तीन गेट से होगी एंट्री
बागपत। जनता वैदिक डिग्री कालेज में जनसभा स्थल पर पहुंचने के लिए तीन गेटों से आज जनता की एंट्री होगी। अंदर आने के लिए तीनों गेट बावली रोड पर बनाए गए हैं। कालेज के घासीराम द्वार की तरफ से वीआईपी की एंट्री होगी। बिजरौल रोड की तरफ वाले गेट को मुख्यमंत्री के लिए इमरजेंसी गेट बनाया गया है।
जनता की कराई जाएगी वीडियोग्राफी
बागपत। एएसपी ने बताया कि लोगों को सघन चेकिंग के बाद कार्यक्रम स्थल तक जाने दिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। डीएफएमडी, एचएचएमडी मशीन से होकर लोगों को गुजरना होगा। महिलाओं के लिए चेकिंग की अलग से व्यवस्था की गई है। महिला की चेकिंग इंकलोजर में की जाएगी। सभास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विचार किया जा रहा है।
पुलिसकर्मी आज करेंगे रिहर्सल
बागपत। एएसपी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से एक दिन पहले जनता वैदिक डिग्री कालेज के मैदान पर पुलिसकर्मियों को रिहर्सल कराई जाएगी। पुलिस अफसरों व कर्मचारियों को कहां पर ड्यूटी करनी है, इस बारे में बताया जाएगा। ब्रीफिंग में आईजी व डीआईजी के आने भी उम्मीद है।
-------------------
इतने पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
एसपी- 1
एएसपी- 5
सीओ- 21
इंस्पेक्टर- 70
दरोगा- 200
कांस्टेबल- 500
अर्द्ध सैनिक बल- 5 कंपनी