बागपत। सहकारी चीनी मिल बागपत के उपसभापति वीरेंद्र राणा ने कहा कि नए सट्टे संचालित कर दिए जाएंगे। घटतौली की जो शिकायत की, वह बेबुनियाद है।
सोमवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कृषकों की मांग के अनुसार ही अगेती और सामान्य प्रजाति के गन्ने की खरीद की जाएगी। चीनी मिल की अपनी पेराई क्षमता सौ प्रतिशत से अधिक कार्य कर रही है, जो उत्तर प्रदेश की सहकारी चीनी मिलों में सर्वाधिक है। वर्तमान में चीनी मिल का दैनिक चीनी परता 10.30 प्रतिशत तथा टू-डेट चीनी परता 9.28 प्रतिशत है। जो विगत कई वर्षों से सर्वाधिक है। उन्होंने कहा किसान साफ सुथरा, ताजा, जड़, पत्ती, मिट्टी, अगोला रहित गन्ना मिल को दें । उन्होंने बताया 28 फरवरी तक नए गन्ना सट्टों का संचालन करा दिया जाएगा। आवंटित गन्ने की पेराई के बाद ही चीनी मिल सत्र समाप्त करेगा। जब तक किसान के खेत में गन्ना खड़ा है, पेराई चलती रहेगी। मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी राम स्नेही भी मौजूद रहे।