बागपत। तीसरे चरण का चुनाव का प्रचार थम गया। समय सीमा समाप्त होते ही एसडीएम विवेक कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ शहर में चेकिंग अभियान चलाया। कई प्रत्याशियों के चुनावी दफ्तर बंद कराए ।
बागपत में 29 नवंबर को मतदान होना है। राज्य निर्वाचन आयोग की समय सीमा के अनुसार सोमवार को प्रचार खत्म हो गया। आखिरी दिन बागपत, बड़ौत, खेकड़ा पालिका के अलावा अमीनगर सराय, अग्रवाल मंडी टटीरी, छपरौली, दोघट और टीकरी नगर पंचायत में प्रत्याशियों ने प्रचार में ताकत झोंक दी। मतदाताओं को लुभाने के लिए वायदे किए। शाम के पांच बजते ही प्रचार की समय सीमा समाप्त हो गई। कई प्रत्याशी प्रचार करते देखे गए। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने बताया प्रचार की समय खत्म हो जाने के बाद प्रशासन की टीम ने बागपत शहर में अभियान चलाया। पुराना कस्बे में कई दफ्तर बंद कराए । एसडीएम खेकड़ा आशीष कुमार ने खेकड़ा, डीसीओ सुशील कुमार ने अमीनगर सराय और एसडीएम बड़ौत अरविंद कुमार द्विवेदी ने बड़ौत में चेकिंग अभियान चलाया। प्रत्याशियों को सख्त हिदायत दी गई।