बागपत। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन कर एडीएम को छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
बुधवार को कलक्ट्रेट में उत्तर प्रदेश सिंचाई संघ के कार्यकर्ता एकत्र हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन एडीएम को सौंपा। इसमें नलकूप प्रभारी सेवा नियमावली और सींच पर्यवेक्षक सींचपाल सेवा नियमावली को पारित करने, पुरानी पेंशन का लाभ सभी नलकूप चालकों को देने, टीसी तकनीकी वेतनमान सींचपाल को 2400 रुपये और सींच पर्यवेक्षक को 2800 रुपये ग्रेड-पे देने, सेवा में वर्कचार्ज और अंशकालिक सेवा जोड़ने, मोटर साइकिल भत्ता देने, नलकूप चालक की नियुक्त और सींच चौकी पर एक सींचपाल की पदस्थापना करने, सींचपाल के पदों का सृजन करने की मांग की। उन्होंने कहा यदि शीघ्र मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संघ के सदस्य उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे, इसके लिए विभाग के उच्चाधिकारी जिम्मेदार होंगे। इस मौके पर संघ के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र कुमार सहित सत्यपाल सिंह त्यागी, सतीश कुमार, शेर सिंह, उमेश कुमार, अरविंद, रणवीर, चंद किरण, बारुमल, राकेश आदि मौजूद रहे।