छपरौली (बागपत)। लूंब-हेवा मार्ग पर इंटर कॉलेज के पास जुगाड़ ने बाइक को कुचल दिया। बाइक सवार दूध कारोबारी की मौत हो गई। आरोपी चालक जुगाड़ छोड़कर भाग गया। पुलिस ने जुगाड़ को कब्जे में ले लिया। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
छपरौली क्षेत्र के हेवा गांव निवासी गय्यूर (35) पुत्र हनीफ दूध का कारोबार करता है। वह रविवार की रात में दूध की लूंब गांव में सप्लाई करके वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही जनता इंटर कॉलेज के पास पहुंचा, तभी हेवा गांव की ओर से आ रहे जुगाड़ ने बाइक को कुचल दिया। इससे बाइक सवार गय्यूर गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को बड़ौत अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर उसकी मौत हो गई।
उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने जुगाड़ को कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर छपरौली थाने में जुगाड़ के आरोपी चालक सतीश निवासी हेवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इस हादसे के बाद गय्यूर के परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। थाना प्रभारी बृजेश कुमार कुशवाहा ने बताया आरोपी चालक सतीश की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रहे जुगाड़
बागपत। कोर्ट ने जुगाड़ को प्रतिबंधित कर रखा है। इसके बाद भी जुगाड़ सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। इन पर न उप संभागीय परिवहन विभाग का ध्यान है और न ही पुलिस का।