बड़ौत( बागपत)।
गुराना गांव में तालाब पर अतिक्रमण को कारण कई साल से जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए नासूर बन चुकी है। तालाब भी लबालब गंदे पानी से भरा है। गलियों में दो से तीन फुट तक गंदा पानी भरा है। लगातार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे ग्रामीणों मेें प्रशासन के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है।
तहसील प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा गुराना गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। गांव के तालाब पर अतिक्रमण होने से गांव में जल भराव की समस्या बनी है। तालाब का गंदा पानी महीनों से गलियों में भरा है। इससे रोजाना स्कूली बच्चों सहित गांव के अन्य लोगों को गुजरना पड़ता है। जल भराव और गंदगी के चलते पूरे गांव में बीमारी का प्रकोप है।
समस्या को लेकर ग्रामीणों मेें भी आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इनमें महिपाल, रमेश, सुखवीर, उधम सिंह, इकबाल, महेंद्र, प्रकाश, सुरेश, अमरपाल, शीशपाल, जोगेंद्र आदि रहे। दूसरी तरफ ग्राम प्रधान के पति रणधीर सिंह ने कहा गांव तालाब से अतिक्रमण हटाने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने के लिए लगातार तहसील प्रशासन और ब्लाक अफसरों से शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं एसडीएम अरविंद द्विवेदी ने कहा इस संबंध में ब्लाक अफसरों को निर्देशित किया जाएगा।