बड़ौत (बागपत)।
अर्जुन अवार्डी एवं सपा नेता शौकेंद्र पहलवान ने कहा कि काठा गांव मेें हुई नाव दुर्घटना के बाद पुलिस पीड़ित परिजन एवं गांव के लोगों पर एफआईआर दर्ज कर रही है। इस संबंध में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया है।
वे शनिवार को नूर मलिक के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हादसे वाले दिन पीड़ित व ग्रामीण लोगों को शासन, प्रशासन एवं भाजपा के मंत्री व विधायक द्वारा आश्वासन दिया गया था कि किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी और लाठी चार्ज करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। जबकि, अब दिए गए आश्वासन के विपरीत हो रहा है। ग्रामीणों पर एफआईआर दर्ज की गई और लाठी-चार्ज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध मेें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम द्वारा आश्वासन दिया गया कि अगर ग्रामीणों पर किए गए मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो सपा सड़कों से लेकर विधानसभा तक ग्रामीणों के पक्ष में लड़ेगी। उन्होंने पीड़ित परिवारों को सहायता राशि 20-20 लाख रुपये दिए जाने की मांग की। इस अवसर पर अखलाक, नूर मलिक, पवन, रणवीर, यूनुस शामिल रहे।