बिनौली (बागपत)।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के राज्य स्तरीय आयोजन में गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल जिवाना के दो छात्रों को बेहतर प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने पर स्वर्ण पदक के साथ उन्हें बाल वैज्ञानिक अवार्ड भी मिला। विजेता छात्रों को स्कूल प्रबंधन ने पुरस्कृत किया।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तत्वावधान में ग्रेटर नोएडा स्थित आईटीएस इंजीनियरिंग कालेज में 6 से 8 दिसंबर तक राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। इसमें प्रदेश भर के बाल विज्ञानियों ने भाग लेकर अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। गुरुकुल स्कूल के कक्षा आठ के शौर्य सिवाच के साथ कुमकुम ने कीटनाशकों का सारस पक्षी के जीवन पर प्रभाव और इशाक खोखर के साथ आर्यन ने ग्रे वाटर का विश्लेषण, पुन: उपयोग एवं रिसाइक्लिंग विषय पर अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। बेहतर प्रोजेक्ट प्रस्तुतीकरण पर दोनों ग्रुप लीडर छात्रों को गोल्ड मेडल के लिए चयनित किया तथा दोनों को बाल वैज्ञानिक अवार्ड भी दिया। विजेता छात्रों को स्कूल प्रबंधन ने पुरस्कृत किया। इसमें स्कूल के संस्थापक प्रो. बलजीत सिंह आर्य, डायरेक्टर डॉ. अनिल आर्य, निदेशक डॉ. सुनील आर्य, प्रधानाचार्य डॉ. राजीव खोखर, उपप्रधानाचार्य डॉ. सुशील वत्स, ऋषिपाल सिंह, नितिन जैन, रविंद्र सिंह तोमर, जितेंद्र आर्य आदि रहे।