बागपत। अमेरिका के टेक्सास की यूनिवर्सिटी ऑफ हॉस्टन के प्रोफेसर डॉ. ताहिर हुसैन ने कहा कि शिक्षा से समाज और राष्ट्र की उन्नति होती है। अभिभावक रोटी चाहे आधी खाएं, लेकिन बेटे और बेटियों को जरूर पढ़ाएं। वर्तमान में ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी तेजी के साथ बढ़ी है। लोगों को चाहिए कि खानपान में सुधार करें और तनावमुक्त रहें। दिनचर्या में व्यायाम शामिल करें। युवा अपने जीवन के लिए लक्ष्य निर्धारित जरूर करें।
रविवार को अशरफाबाद थल के ईदगाह मैदान पर युवा उत्थान ट्रस्ट की ओर से अमेरिका से आए डॉ. ताहिर हुसैन का अभिनंदन समारोह आयोजित किया । उन्हें स्मृति चिह्न और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय रामपुर के उप कुलपति डॉ. लुकमान खान और डॉ. ताहिर हुसैन ने कहा शिक्षा से जीवन सुधरता है। तेजी से बदलती दुनिया में शिक्षा के दम पर ही कामयाबी हासिल की जा सकती है। युवाओं से आह्वान किया कि वह अपने जीवन के लिए लक्ष्य निर्धारित करें, उसे पाने के लिए दिन और रात एक कर दें। कड़ी मेहनत और अनुशासन से सफलता जरूर मिलती है। ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी ने गांव तक पैर पसार लिए हैं, यह बेहद खतरनाक स्थिति है। इसके लिए जरूरी है कि दिनचर्या में व्यायाम शामिल करें और खुद को तनावमुक्त रखें। इस मौके पर युवा उत्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष अध्यक्ष सलीम चौधरी ने कहा कि युवा डॉ. ताहिर हुसैन से प्रेरणा लें और शिक्षा हासिल कर आगे बढ़ें। इस दौरान ट्रस्ट के उपाध्यक्ष शकील चौधरी, कोषाध्यक्ष आकिल चौधरी, राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन से सलीम शाह, डॉ. मोहम्मद लुकमान, शकील, जाहिद, जुल्ला चौधरी, सरफराज, डॉ. इशरत, मौलवी मेहंदी हसन, पूर्व प्रधान रईसुद्दीन आदि मौजूद रहे।
अशरफाबाद थल में बनेगा इंटर कॉलेज, मिलेगी शिक्षा
बागपत। डॉ. ताहिर हुसैन ने अशरफाबाद थल में इंटर कॉलेज का निर्माण कराने के एलान किया। उन्होंने कहा कि गांव में वह स्कूल बनवाएंगे। गांव के बच्चे पढ़ेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। शिक्षा और समाज के क्षेत्र मेें युवा उत्थान ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने छात्र-छात्राओं के लिए कोचिंग की व्यवस्था कर सराहनीय कार्य कर दिखाया है।