बागपत। दिल्ली-शामली रेलवे मार्ग पर चल वाली पैसेंजर ट्रेन पर रेलवे विभाग ने उलटा तिरंगा लगा दिया। बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर सामाजिक कार्यकर्ता शिवकुमार राठी ने ट्रेन का फोटो खींचकर रेल मंत्री पीयूष गोयल को ट्वीट पर शिकायत की है।
टीकरी कस्बा निवासी शिव कुमार राठी ने बताया कि दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर चलने वाली 51911 पैसेंजर ट्रेन पर रेलवे विभाग ने उलटा तिरंगा लगाया दिया। जिसे देखकर हर कोई रेलवे विभाग की बड़ी लापरवाही बता रहा था। सरकार द्वारा स्वच्छ भारत अभियान में लोगों के साथ तिरंगे का चित्रण सराहनीय कदम है, लेकिन ट्रेन की बोगी पर लगाया गया उलटा तिरंगा स्वीकार योग्य नहीं है। ट्रेनों की बोगियों पर तिरंगा झंडा देशवासियों में देश के प्रति लोगों को जागरूक कराने के लिए बनवाया गया है, लेकिन ग्रीन और केसरिया रंग को उलटा कर दिया है। इससे लोगों के बीच नाराजगी है। उन्होंने रेल मंत्री को ट्वीट कर लापरवाही करने वाले रेल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।