बड़ौत (बागपत)।
कहते है नया साल नया सवेरा नई उमंग लेकर आता है, लेकिन इस बार नया साल हजारों उपभोक्ताओं के लिए बुरा वक्त लेकर आया, क्योंकि नये साल की शुरूआत होते ही हजारों उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन बंद हो गए। वजह बनी आधार कार्ड लिंक न होना। अब पीड़ित उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रहे हैं। यदि उपभोक्ताओं को दोबारा कनेक्शन खुलवाना है तो उन्हें पूरी प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा।
पिछले दो साल से गैस कनेक्शन को आधार कार्ड से लिंक कराने का काम चल रहा है। कंपनियों ने कई बार गैस कनेक्शन बंद कराने की चेतावनी दी। इसके बाद भी हजारों गैस कनेक्शन धारक जागरूक नहीं हुए। बड़ौत तहसील क्षेत्र के अंतर्गत बड़ौत में 6, दोघट में 1, निरपुडा में 1, किरठल में 1, बिनौली में 1, छपरौली मेें 1 गैस एजेंसी है। जिन पर करीबन 1.10 लाख उपभोक्ता जुडे़ हैं। इनमें से 40 हजार उपभोक्ता आधार से लिंक नहीं हो पाए। जिस कारण सभी गैस कनेक्शन बंद हो गए। इन उपभोक्ताओं को दोबारा गैस कनेक्शन खुलवाने के लिए संबंधित गैस कंपनी को सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही गैस कनेक्शन खोल सकेगी। इसमें ऐसे लोगों के कनेक्शन बंद हो गए, जिन्होंने इस जनपद में भी कनेक्शन ले रखा है और अन्य जनपदीय गैस एजेंसी से कनेक्शन ले रखे हैं। गैस कनेक्शन बंद होने के डर से एक कनेक्शन पर ही आधार लगा रखा था। अब कंपनियों ने निर्णय लिया है कि एक व्यक्ति दो कनेक्शन चला सकेगा, लेकिन उन्हें दोनों कनेक्शन पर आधार लिंक कराना होगा। सरकार एक कनेक्शन पर संबंधित उपभोक्ताओं को सब्सिडी देगी, जबकि दूसरे कनेक्शन पर कोई सब्सिडी नहीं मिलेगी। बावली रोड स्थित शहीद अनिल इंडेन गैस एजेंसी संचालक मोहित ने बताया कि कनेक्शन से आधार कार्ड लिंक न होने के कारण कनेक्शन बंद हुए हैं। दोबारा से इन कनेक्शनों को खुलवाने के लिए पूरी प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके लिए लगातार उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है।