कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे लेखपाल
बड़ौत (बागपत)। तहसील में लेखपालों ने कार्यों का बहिष्कार कर धरना दिया और छह सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को संबोधित तहसीलदार को सौंपा। मंगलवार को तहसील के लेखपाल एकत्रित हुए और धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि काफी दिनों से छह सूत्रीय मांगे उनकी चली आ रही है। इनमें लेखपालों की शैक्षिक अर्हता स्नातक करने और पदनाम उप राजस्व निरीक्षक करने एवं प्रारंभिक वेतन ग्रेड़ 2000 से बढ़ाकर 2800 बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि एसीपी विसंगति दूर की जाए, विशिष्ट परिस्थितियों में लेखपालों को निजी अनुरोध पर प्रदेश के किसी भी जनपद में स्थानांतरण करने संबंधी नियमावली में संशोधन किया जाए, लैपटॉप और स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए जाएं। लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। धरने पर बिजेंद्र सिंह तोमर, सतपाल सिंह, संदीप कुमार, शशांक भारद्वाज, अंकित कुमार, रूबीना, अमित कुमार, कपिल दबे, रवि कुमार, राजेंद्र जैन, राजपाल सिंह, संजय सिंह आदि उपस्थित रहे।