बड़ौत (बागपत)। नगर की शिक्षण संस्थाओं में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय बालिका शिशु दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में बालिका दिवस पर कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर उपेंद्र चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि आज निरंतर बेटियों की संख्या घट रही है, जोकि चिंता का विषय है। यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया तो भविष्य में बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। कहा कि भारत की बेटियां आज किसी बेटे से कम नहीं हैं, इसके बावजूद हमारे समाज में बेटियों को हीन भावना से देखा जाता है।
विंडसर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स पर डायरेक्टर मानवी मदान, संचालक व कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री व खेलकूद प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी डॉ. अंकित पंवार और मैनेजर मीनाक्षी पंवार ने बालिका दिवस पर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मानवी मदान ने कहा कि आए दिन बेटियों पर अत्याचार हो रहे हैं। इसके लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री डॉ. अंकित पंवार ने बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया। कहा कि एक बेटी शिक्षित होकर दो परिवारों को शिक्षित बनाती है। इस अवसर पर उन्होंने क्रिकेट, खो-खो, बैडमिंटन प्रतियोगिता मेें कांप्लेक्स का नाम रोशन करने वाली साक्षी, दीपिका, ज्योति, मोनिका, आरती, सुषमा, स्नेहा, भारती, सपना, दिव्या, पूजा, अंशिका, रूबी, ममता, दीपिका आदि को खेलों से संबंधित सामान, यूनिफार्म देकर व खिलाड़ियों को ट्राफी व मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
माउंट लिटरा स्कूल में चेयरमैन हंस कुमार जैन, बिजेंद्र जैन, हिमांशु जैन, प्रधानाचार्य अविषेक मजूमदार, उपप्रधानाचार्य अनुज सक्सेना व मीडिया प्रभारी ओपी शर्मा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लड़कियों के प्रति भेदभाव ओर शोषण को पूरी तरह हटाया जाए। चेयरमैन हंस कुमार जैन ने कहा कि अंतरिक्ष मेें कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स ने भारत का नाम रोशन किया है। इस दौरान छात्र छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।