बागपत। अब ग्राम पंचायतों में सचिव और सफाई कर्मचारी रोस्टर के अनुसार कार्य करेंगे। ताकि ग्रामीणों की समस्या का निस्तारण समय से हो सके। रोस्टर के अनुसार कार्य नहीं किया तो इनके खिलाफ कार्रवाई होगी। डीडीओ हुब लाल ने सभी बीडीओ को रोस्टर बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा रोस्टर के अनुसार कार्य नहीं किया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिला विकास अधिकारी हुबलाल ने बताया कि ग्राम पंचायतों में सचिव व वीडीओ रोस्टर के अनुसार बैठना सुनिश्चित करेंगे। डीडीओ ने बताया कि खंड विकास अधिकारी द्वारा सचिवों का रोस्टर बनाया जाएगा और उनका दिन निर्धारित किया जाएगा कि वह किस दिन कौन से गांव में बैठेंगे। किस समय से किस समय तक वहां मौजूद रहेंगे। वहीं सफाई का कार्य भी रोस्टर के अनुसार होगा। सफाई कर्मचारी का दिन निर्धारित कराया जाएगा। यदि सफाई कर्मचारी गांव की सफाई नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और वेतन भी काटा जाएगा। पंचायत कार्यालय की दीवार पर सभी नाम व फोन नंबर लिखवाया जाएगा। जिला विकास अधिकारी हुबलाल ने बीडीओ को रोस्टर बनाकर सूची देने के आदेश दिए है।