बड़ौत (बागपत)। क्षेत्र के रजबाहों और माइनरों की सफाई न होने व पानी न छोड़ने से क्षुब्ध किसानों ने मंगलवार को कोताना रोड स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में डाक बंगले पर विभागीय अफसरों की बैठक की सूचना पर किसान वहां पर पहुंचे और समस्या को लेकर आक्रोश जताया। किसानों ने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को बड़ौली, किशनपुर बिराल, बरवाला, छछरपुर आदि सहित कई गांव के किसान कोताना रोड स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि उनके खेतों के पास से गुजर रहे रजबाहों और माइनरों की वर्षों से सफाई नहीं हुई है और न ही उनमें पानी छोड़ा गया है। जिस कारण हर साल उनकी फसल सूख जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग कार्यालय पर न तो एसडीओ बैठते हैं और न ही जेई। ऐसे में शिकायत करें भी तो कहां।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग के अधिकारी खानापूर्ति के लिए डाक बंगले पर बैठक कर कागजी कार्रवाई करने का दिखावा करते हैं। बाद में डाक बंगले पर सिंचाई विभाग के अफसरों की बैठक की सूचना पर किसान मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर जसवीर सिंह सोलंकी, विक्रम राणा, भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खोखर, राजपाल सिंह, बिजेंद्र शर्मा, मांगेराम राणा, ओमवीर सिंह आदि रहे।