बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी के दर्जनों किसानों को गन्ना क्रेशर मालिक द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए। किसानों ने कलक्ट्रेट में भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ डीएम को ज्ञापन सौंपा। गन्ने का भुगतान और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इंडेंट नहीं मिलने से मजबूर होकर किसान क्रेशरों पर डाल रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। अग्रवाल मंडी टटीरी क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने दत्तनगर गांव में स्थित एक क्रेशर पर कम दामों में अपना गन्ना डाला । किसान नेता हिम्मत सिंह ने बताया कि क्रेशर मालिक ने शुरू में नकद भुगतान किया, लेकिन बाद में मालिक ने जो चेक दिए वह सभी बाउंस हो गए हैं। टटीरी क्षेत्र में 50 लाख रुपये के चेक किसानों के बाउंस हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रेम के 50 हजार, अमर सिंह का 40, अमित का 73, सुरेंद्र का 75, रगबर का 15, दिनेश का आठ हजार रुपये के चेक बाउंस हुए हैं। ऐसे दर्जनों कृषक है जिसको क्रेशर मालिक की धोखाधड़ी का शिकार हुए है। सभी ने कलक्ट्रेट पहुंचकर आरोपी के खिलाफ डीएम ऋषिरेंद्र कुमार को शिकायती पत्र सौंपा। किसानों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गन्ने का भुगतान कराने की मांग की है।