बड़ौत (बागपत)।
जौनमाना गांव में सोमवार को शाम के समय विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से एक किसान की साढ़े तीन बीघे ईख जल गई। किसानों ने आग पर काबू पाया और इसकी सूचना विद्युत निगम के अफसरों को दी। उन्होंने कहा कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित किसानों ने निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग उठाई।
पीड़ित किसान देश पाल पुत्र हुक्म सिंह जौनमाना गांव का है। उसके खेतों के ऊपर से विद्युत लाइन गुजरी हुई है। सोमवार को देर शाम विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से उसकी साढे़ तीन बीघे ईख जल गई। सूचना पर पहुंचे किसानों ने मिट्टी व पानी डालकर आग पर काबू पाया और सूचना निगम के अफसरों को दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित किसानों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग उठाई। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा ने कहा जेई को मौके पर भेजकर जांच कराकर मुआवजा दिलाया जाएगा। प्रदर्शन में विकास, गौतम, देशपाल, निरंजन, गुड्डू, ऋषिपाल, ओमप्रकाश, बारू, स्वराज, उधल आदि रहे।