दोघट (बागपत)। सांसद आदर्श गांव पलड़ी गांव में 20 दिन से पेयजल टंकी बंद पड़ी है। इस कारण पीने की पानी की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। ग्रामीण नलकूपों से पानी भरकर लाने को मजबूर है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गांव में 20 दिन पहले पेयजल टंकी का मोटर फुंक गया था। इस कारण टंकी ठप हो गई। शिकायत के बाद भी विभागीय अफसरों ने इसे ठीक नहीं कराया। इस कारण गांव में पेयजल की समस्या पैदा हो गई है। ग्रामीण कई-कई किमी पैदल चलकर नलकूपों से पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं, लेकिन विभागीय अफसर इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीण यामीन, दिनेश, प्रवीन, विक्रम, यशपाल शर्मा, बाबू राम आदि ने बताया कि गांव की पानी की टंकी नहीं चलने के कारण पानी की गंभीर समस्या पैदा हो रही है। ग्रामीण पीने के पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। दूर दराज जंगल में लगे नलकूपों से पीने का पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। इस टंकी को ठीक कराकर पूरे गांव में पानी उपलब्ध कराया जाए। यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं कराया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्राम प्रधान कुसुम लता ने बताया कि पेयजल टंकी का निर्माण पिछले वर्ष ही कराया। इसके निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया। टंकी चालू होने के बाद ओवर हैड टैंक से पानी रिसने लगा। गांव में डाली पाइप लाइन भी जगह-जगह से लीक हो गई। ग्राम प्रधान के पति श्रीपाल सिंह ने कहा टंकी अभी ठेकेदार के अंडर में ही है। टंकी जब तक पूर्ण रूप से ठीक नहीं होगी, तब तक हम इसे हैंड ओवर नहीं करेंगे।