मलकपुर के ग्रामीणों का ब्लाक पर प्रदर्शन
बड़ौत (बागपत)। मलकपुर गांव के ग्रामीण पिछले दो साल से जल भराव की समस्या से जूझ रहे है, लेकिन शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। जल भराव के चलते संक्रामक रोगों ने गांव में पैर पसार लिए हैं। इसकी चपेट में आने से दर्जनों बच्चें व महिलाएं बीमार हैं। इसको लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने ब्लाक कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया।
ब्लाक अफसरों और ग्राम प्रधान कृष्णपाल की अनदेखी का खामियाजा खेल दुनिया में धाक जमाने वाले मलकपुर गांव के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण दो साल से ग्रामीण जलभराव की समस्या से जूझ रहे है, शिकायत करने के बाद भी ग्रामीणों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। गांव के मनोज तोमर, राजीव, सतेंद्र, अशोक, प्रवीण, दीपक आदि ने बुधवार को ब्लाक कार्यालय पर प्रदर्शन किया और बताया कि गांव में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। बिना बरसात भी गांव की गलियों मेें गंदा पानी भर रहता है।
जलभराव के चलते गांव का सोनू, नीटू, दीपक, आकाश, अक्षय और महिलाओं में राजकली, सुनीता, अनिता, राजमती, राममूर्ति आदि बीमार पड़े हैं, वहीं मकानों में दरारें आने से कई मकान ढह चुके हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान पर अनदेखी का आरोप लगाया। बीडीओ प्रेमचंद ने आश्वासन देकर लौट दिया। ग्राम प्रधान कृष्णपाल ने कहा बारिश के कारण पानी निकासी के लिए नाले की खुदाई का कार्य फिलहाल बंद है। बरसात रुकने के बाद व्यवस्था की जाएगी। एडीओ पंचायत रणधोल सिंह ने कहा गांव का निरीक्षण किया। जल भराव की समस्या से लोग अजीज है। इसका निस्तारण कराने का प्रयास होगा।