बागपत। आंध्र प्रदेश के गुंटूर में हुई जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता में बागपत के सरुरपुर कलां गांव की बेटी ज्योशी नैन ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंडर -19 वर्ग की प्रतियोगिता के चार मैचों में नैन ने दो अर्द्ध शतक बनाकर प्रतिभा का लोहा मनवाया। परिवार में खुशी का माहौल है। क्रिकेटर ने कहा उसका सपना टीम इंडिया में शामिल होकर देश की ओर से खेलने का है।
सरूरपुर कलां गांव के किसान सुभाष सिंह ने बताया आंध्र प्रदेश के गुंटूर में 11 से 19 जून तक इंटर जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट चला। नार्थ जोन की टीम की तरफ से ज्योशी नैन ने बतौर ओपनर बल्लेबाज भाग लिया। नैन ने पहले मैच में 12, दूसरे मैच में 17, तीसरे मैच में 50 और आखिरी और चौथे मैच में 60 रन की पारी खेलकर नाम कमाया। टूर्नामेंट में ईस्ट जोन, वेस्ट जोन, साउथ जोन और सेंट्रल जोन समेत पांच टीमों ने भाग किया। नैन ने कामयाबी का श्रेय अपने कोच शेखर त्यागी को दिया। वह ट्रॉनिका सिटी स्थित खानपुर कलां की सीपीएस एकेडमी में क्रिकेट का अभ्यास करती है। माता अनीता नैन गृहणी है। परिवार में उसकी बहन रूबी, उन्नति और भाई पंकज है। नैन कहती है कि उसकी पसंदीदा खिलाड़ी हरमन प्रीत कौर और विराट कोहली है। परिवार ने आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंडर -19 आयु वर्ग की नैन का कहना है कि वह देश के लिए खेलना चाहती है। उसका पूरा ध्यान अपनी बल्लेबाजी में ओर अधिक निखार करना है।