बागपत। रिटायर्ड मेजर जनरल अति विशिष्ठ सेना मेडल और सेना मेडल प्राप्त बीएस पंवार का कहना है कि सीआरपीएफ के जवानों की शहादत के बाद भारत ने आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान को समझ लेना चाहिए कि वायुसेना ने बहादुरी का ट्रेलर दिखाया है, फिल्म अभी बाकी है। भारत की कार्रवाई आतंकियों और आतंकवाद के खिलाफ रही, इसमें पाकिस्तानी सेना या सिविलियन लोगों को निशाना नहीं बनाया गया। दुनिया के तमाम देश इस बात को समझते हैं। यही वजह है कि भारत को समर्थन मिला है।
पीओके में भारतीय वायुसेना की कार्रवाई पर बागपत निवासी रिटायर्ड मेजर जनरल बीएस पंवार ने कहा कि आतंकी संगठन ने बुजदिली से सीआरपीएफ के कैंप पर आत्मघाती हमला किया । देश के हालात गम और गुस्से वाले हैं। वायुसेना ने जिस तरह संयम से काम लेकर आतंकवादियों के खिलाफ मोर्चा संभाला और लक्ष्य को बेजोड़ तरीके से भेद दिया, वह प्रशंसा के लायक है। इतिहास गवाह है कि पाकिस्तान किसी भी स्तर पर भारत के सामने नहीं टिकता। वायुसेना ने जो कार्रवाई की है, वह आतंकवादियों के खिलाफ है। इसमें पाकिस्तानी सेना या वहां के सिविलियन को निशाना नहीं बनाया। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को समर्थन मिला है, क्योंकि सभी देश जानते हैं कि भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। वायुसेना ने जिस क्षेत्र में बम बरसाकर आतंकियों के अड्डे तहस नहस किए, यहां पर आतंकियों की भर्ती किए जाने की तैयारी थी। जो सूचनाएं सामने आ रही है, उनसे ऐसा लगता है कि यह लोग फिर से जम्मू कश्मीर या देश के किसी हिस्से में नुकसान पहुंचा सकते हैं। वायुसेना ने आतंकियों के मंसूबे नाकाम कर दिए।