बागपत। सरकारी स्कूलों में बंद बेसहारा गोवंशीय पशुओं को ग्रामीणों ने नहीं छोड़ा है। निरपुड़ा गांव में ग्रामीणों ने डीएम से मुलाकात कर पशुओं का प्रबंध करने की मांग की। गांव के प्राथमिक विद्यालय में सैकड़ों गोवंशीय पशु बंद हैं और ग्रामीण गेट पर धरना देकर बैठे हैं। स्कूल न खुलने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। हालांकि चांदीनगर के भगौट गांव में ग्रामीणों ने गोवंशीय पशुओं को छोड़ दिया।
रालोद के पूर्व विधायक वीरपाल राठी के नेतृत्व में निरपुड़ा गांव के ग्रामीण डीएम ऋषिरेंद्र कुमार से मिले। सरकारी स्कूलों में बंद गोवंशीय पशुओं को गोशाला में भिजवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर पशुओं का कोई प्रबंध नहीं किया तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। डीएम ने आश्वासन दिया एक सप्ताह में पशुओं का प्रबंध कर देंगे। इस मौके पर बिजेंद्र राणा, नाहर सिंह, प्रियव्रत राणा, निश्चय राणा, रामबली फौजी, सहदेव, पुष्पेंद्र राणा, बाबा भोलर, जयपाल, हरवीर, सतपाल आदि मौजूद रहे।
वहीं निरपुड़ा गांव में ग्रामीणों ने चार दिन से प्राथमिक विद्यालय में सैकड़ों बेसहारा गोवंश बंद कर रखे हैं। स्कूल के गेट के बाहर ही ग्रामीण धरना देकर बैठे हैं। ग्रामीण गोवंशों की सेवा भी कर रहे हैं। उनकी देखरेख के लिए निजी पशु चिकित्सक भी लगाए गए हैं। स्कूल नहीं खुलने के कारण पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित है। ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। वहीं चांदीनगर थाना क्षेत्र के भगौट गांव में सरकारी स्कूल में बंद बेसहारा पशुओं को ग्रामीणों ने छोड़ दिया।
नगर पंचायत कार्यालय में बंद करेंगे पशु
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बे के ग्रामीणों ने चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार ज्ञापन देकर बेसहारा गोवंशीय पशुओं का प्रबंध कराने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो बेसहारा पशुओं को पकड़ कर नगर पंचायत कार्यालय में बंद कर देंगे। इस मौके पर संजय, कुलदीप, मोहित शर्मा, पवन कुमार, रमेश चंद, विनोद कुमार, राजेंद्र सिंह, बाबूराम, मुकेश, सुनील चौधरी, दिनेश, रामफल आदि रहे।
गोवंशीय बछड़े को घायल किया
दोघट (बागपत)। हिम्मतपुर सूजती गांव के जंगल में घूम रहे एक गोवंशी पशुओं को मारपीट कर घायल कर दिया। गांव निवासी बिट्टू ने बताया कि गोवंशीय बछड़ा जंगल में घायल अवस्था में घूमता मिला। जिसे ग्रामीण गांव ले आए तथा उसका पूर्व प्रधान धर्मवीर सिंह के घेर में पशु चिकित्सक से इलाज कराया जा रहा है।