बड़ौत (बागपत)।
नगर और देहात क्षेत्र में अवर अभियंताओं सहित टीजी-2 व बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों के साथ आए दिन हो रही लूटपाट और मारपीट की घटना के विरोध में बृहस्पतिवार को विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया कराने की आवाज उठाई और एसई को पत्र भेजा।
इस बैठक की अध्यक्षता पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर ने की। संचालन जिला महामंत्री सुरेंद्र तोमर ने किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आए दिन नगर व देहात क्षेत्र से राजस्व वसूली का रुपये लेकर आने वाले कर्मचारियों के साथ लूटपाट और मारपीट हो रही है। किरठल बिजलीघर पर तैनात एसएसओ के साथ हाल ही मेें मारपीट व टीजी-2 महिपाल के साथ गाली-गलौच हुई, इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है, इससे कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। जिला महामंत्री सुरेंद्र तोमर ने कहा कि यदि कर्मचारियों को कैश लाने व ले जाने के लिए सुरक्षा नहीं मिली तो इससे कर्मचारियों का मनोबल गिरेगा। बाद मेें पंचायत के पदाधिकारियों ने एसई को पत्र भेजकर मांगों को पूरा कराने की मांग उठाई। इसमें खलील अहमद, आरिफ, धर्मपाल, सुनील, ग्यासुदीन, प्रमोद मलिक, राजीव, सुखदेव पंवार, सतेंद्र पंवार, वेदपाल, संजीव तोमर आदि रहे।