बागपत। रालोद के गढ़ में ही 11 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण और स्थापना कराई जाएगी। यह वही प्रतिमा है, जो नौ साल तक खेकड़ा थाने में रही। सपा नेता डॉ. कुलदीप उज्ज्वल के प्रयासों के चलते प्रतिमा को थाने से रिलीज कराया जा सका था। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल प्रतिमा का अनावरण करने आएंगे।
करीब 11 साल पहले हसनपुर मसूरी के पास एक कॉलोनी में लगाने के लिए बड़े चौधरी की प्रतिमा मंगाई गई थी। इस बीच कॉलोनी का कार्य अधर में लटक गया। दुकान में रखी प्रतिमा को शरारती तत्वों ने दिल्ली-सहारनपुर हाइवे के निकट झाड़ियों में फेंक दिया था। हंगामा हुआ तो पुलिस प्रतिमा को खेकड़ा थाने ले गई और मालखाने में रख दिया। बड़े चौधरी की प्रतिमा यहां एक या दो नहीं बल्कि पूरे नौ साल रखी रही। 29 मई 2016 में सपा नेता डॉ. कुलदीप उज्ज्वल ने प्रयास शुरू किए। उन्होंने अनशन की चेतावनी दी तो पुलिस-प्रशासन हरकत में आया। तत्कालीन एसडीएम खेकड़ा दीपाली कौशिक ने सशर्त प्रतिमा को जाट महासभा और कुलदीप उज्ज्वल को सौंपा था। तब तय किया था इसे, जाट भवन में ही स्थापित कराया जाएगा। जाट महासभा के पदाधिकारी लंबे समय से अनावरण कराने के प्रयास में जुटे हैं। आखिरकार 11 साल के लंबे इंतजार के बाद प्रतिमा का सोमवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल अनावरण करेंगे।
बड़ौत में लग गए थे 12 साल
बागपत। सिंचाई विभाग के बंगले पर बड़ौत में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण होने में 12 साल का समय लग गया। पिछले महीने प्रदेश के सिंचाई मंत्री ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया था।
पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा का अनावरण आज
बागपत। जिला जाट सभा के अध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह तेवतिया ने बताया कि सोमवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल डॉ. देवव्रत आचार्य पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान क्षेत्र की प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया जाएगा।
आंबेडकर की प्रतिमा लगाने की इजाजत नहीं
बागपत। टीकरी कस्बे में बाबा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने की इजाजत अभी तक नहीं मिली है। दलित समाज के लोगों ने पहले नगर पंचायत कार्यालय में प्रतिमा लगवाने का प्रयास किया, लेकिन इजाजत नहीं मिली। सामुदायिक भवन में भी प्रशासन ने इजाजत नहीं दी। सतीश कुमार का कहना है कि 14 अप्रैल तक प्रतिमा लगवाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी इजाजत नहीं मिली है।