बड़ौत (बागपत)।
नहीं हो रही बड़े बकायादारों पर कार्रवाई की खबर से विद्युत निगम के अफसरों मेें हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेकर एसई ने कर्मचारियों को फटकार लगाई और प्रकरण की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसई के निर्देश पर सोमवार को चलाएं गए कनेक्शन काटने के अभियान के दौरान टीम ने 26 बड़े बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काटे। हालांकि इस दौरान टीम के साथ उपभोक्ताओं ने नोकझोंक भी हुई। टीम कनेक्शन काटने में सफल रही।
नगर में पिछले कई साल से सैकड़ों बडे़ बकाएदार ऐसे हैं, जिनके यहां पर पावर कारपोरेशन की टीम एक बार भी विद्युत कनेक्शन काटने नहीं पहुंची। इससे निगम को हर माह लाखों का नुकसान पहुंच रहा है। रविवार को उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों पर चेकिंग अभियान के दौरान पक्षपात करने व बड़े बकाएदारों पर मिलीभगत का आरोप लगाकर प्रकरण की जांच करने की मांग की। उपभोक्ताओं की इस समस्या को सोमवार के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो विद्युत निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया।
एसई रामबीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेकर कर्मचारियों को फटकार लगाई और प्रकरण की जांच कर कार्रवाई कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। एसई के निर्देश पर सोमवार को एसडीओ चैन सिंह, अवर अभियंता विनय कुमार शर्मा, अवर अभियंता नरेंद्र प्रताप सिंह और सुरेंद्र तोमर ने ताबड़तोड़ कनेक्शन काटने अभियान चलाया तो बकाएदारों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान कई जगहों पर उपभोक्ताओं ने टीम के साथ नोकझोंक भी की, लेकिन टीम विद्युत कनेक्शन काटने में सफल रही। अभियान के दौरान टीम ने पिछले छह साल से निगम का साढ़े पांच लाख रुपये दबाने वाले उपभोक्ता का भी विद्युत कनेक्शन काटा। एक्सईएन द्वितीय वीरेंद्र सिंह ने कहा बकाएदारों के यहां पर बिजली चालू नहीं रहने दी जाएगी। बकाया बिल जमा करने के बाद ही सप्लाई चालू कराई जाएगी।