बड़ौत (बागपत)।
कासिमपुर खेड़ी गांव में मंगलवार को पंचायत की। इसमें बकाया गन्ना भुगतान, बढ़ी विद्युत दरों सहित अन्य समस्याओं पर घंटों तक मंथन किया । पंचायत में किसानों को समस्याओं के प्रति जागरूक करने के लिए चार दिवसीय किसान जागरूकता अभियान चलाने और 23 को मुख्यमंत्री को समस्याओं से युक्त ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया।
पंचायत की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक मेरठ के पूर्व चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने की। संचालन जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह ने किया। पंचायत में जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह प्रधान ने कहा कि मलकपुर शुगर मिल के गन्ना किसानों का भुगतान न करने को प्राकृतिक आपदा मानकर किसानों का समस्त भुगतान सरकार द्वारा किया जाए, क्योंकि बकाया गन्ना भुगतान न होने पर न तो किसानों की बेटियों की शादी हो पा रही है और न ही फीस जमा हो पा रही है। परिवार का भी खर्च उधारी लेकर चल रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाई विद्युत दरों का विरोध किया। पूर्व चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने कहा प्रदेश सरकार द्वारा कर्ज माफी में भी किसानों के साथ धोखा किया है, क्योंकि इसमेें 30 जून 2017 तक समय सीमा लागू की है। जबकि सभी किसानों का ऋण माफ होना चाहिए था। ऐसे में जो किसान 3 प्रतिशत ब्याज नहीं दे पा रहा है, उस पर सहकारी बैंक समितियों द्वारा 12.70 प्रतिशत वसूला जा रहा है। इससे प्रदेश में सैकड़ों किसान प्रभावित हैं। पंचायत में गांवों में चार दिवसीय किसान जागरूकता अभियान चलाने और 23 को मुख्यमंत्री को भाकियू के बैनर तले ज्ञापन देने का निर्णय लिया। पंचायत मेें ग्राम प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट, रणधीर सिंह प्रधान, ओमपाल, हरेंद्र, सुनील, प्रमोद, हरवीर, अशोक, जयवीर, सुरेश पाल आदि रहे।