बड़ौत (बागपत)।
नया शिक्षा सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन अभी भी परिषदीय विद्यालयों की हालत बद से बदतर है। शिक्षाधिकारियों की अनदेखी के कारण बच्चे गंदगी और जल भराव केे बीच स्कूल में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। इसे अभिभावकों में आक्रोश पनप रहा है। अभिभावकों ने डीएम से हस्तक्षेप कर परिषदीय स्कूलों में साफ कराने और जलभराव की समस्या हल कराने की मांग की।
शिक्षा विभाग के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा सरकारी स्कूलों के बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। इसकी बानगी बड़ौत तहसील के प्राथमिक विद्यालय पठान कोठ सहित दर्जनों विद्यालयों में देखने को मिल रही है। नया शिक्षा सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन शिक्षा विभाग के अफसरों ने मौज मारने के अलावा एक भी विद्यालय में सुधार करने का कार्य नहीं किया।
बड़ौत तहसील के नगरीय क्षेत्र में पड़ने वाले प्राथमिक विद्यालय पठान कोठ में सैकड़ों बच्चे पंजीकृत हैं। हाल में चल रही छुट्टियां भी खत्म हो चुकी है, लेकिन हाल पहले से भी बदतर हो चुके हैं। विद्यालय परिसर गंदगी से अटा ़है, विद्यालय का भवन जर्जर हो चुका है और चारदीवारी भी टूटी पड़ी है। विद्यालय परिसर पर जल भराव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह अन्य विभागीय अधिकारी मूकदर्शक बने हैं। इसको लेकर अभिभावकों में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।