दोघट (बागपत)। वेस्ट बंगाल में तैनात कान्हड़ निवासी सीआईएसएफ के जवान की ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। जवान का शव गांव में पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया।
कान्हड़ निवासी प्रदीप कुमार (46) पुत्र वीरभान वर्ष 1995 में सीआईएसएफ में भर्ती हुआ था। उसकी तैनाती वेस्ट बंगाल के बैकोडा जिला में मिजिया थर्मन पावर स्टेशन पर थी। दीपक के छोटे भाई राजीव ने बताया दीपक को कई दिन पहले बुखार आया था, जो उपचार के बाद ठीक हो गया। वह फिर अपनी ड्यूटी पर चला गया, वहां चार दिन पहले अचानक सीने में तेज दर्द उठा, तो उसे वहीं अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रदीप की पत्नी रेखा, उसकी बेटी निक्की, बेटा आकी भी साथ ही रहते थे। सबसे छोटा भाई राजीव भी सीआईएसएफ में ही नौकरी करता है। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों के अलावा गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। जवान का शव गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया। श्मशान घाट पर सीआईएसएफ के जवानों ने जवान प्रदीप के शव को सलामी दी। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।