बागपत। भाजपा जिलाध्यक्ष को लेकर खींचतान शुरू हो गई है और 20 से ज्यादा दावेदार खड़े हो गए है। इन सभी ने बृहस्पतिवार को पर्यवेक्षक के सामने अपने बायोडाटा दिए तो इनकी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी गई। इन दावेदारों को लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों से राय ली गई तो अब जन प्रतिनिधियों से राय ली जाएगी। यह माना जा रहा है कि इस महीने के आखिर तक जिलाध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।
भाजपा ने ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय महामंत्री नागेंद्र सिकवार को बागपत का पर्यवेक्षक बनाया है जो जिलाध्यक्ष को लेकर अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। वह बृहस्पतिवार को बागपत में भाजपा जिला कार्यालय पर पहुंचे। जहां उनके सामने नीरज शर्मा, नीरज कौशिक, लोकेश दीक्षित, बिजेंद्र शर्मा, कुलदीप भारद्वाज, जयकरण, गौरव तोमर, जसवीर सोलंकी, अवधेश राणा, सचिन जैन, सुधीर मान, प्रमेंद्र तोमर, वेदपाल उपाध्याय, संजय उपाध्याय, करतार सिंह, मनुपाल बंसल समेत 20 से ज्यादा दावेदारों ने अपना बायोडाटा दिया। जिनके बारे में राय लेने के लिए पर्यवेक्षक ने जिले के पदाधिकारियों को कार्यालय बुलाया हुआ था। दावेदारों के बारे में उनसे राय ली गई।
अब सांसद, विधायक, पूर्व विधायक की राय ली जाएगी। इसके अलावा भाजपा समर्थित प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की राय लेंगे। इसके बाद यहां से जिलाध्यक्ष के लिए तीन नाम भेजे जाएंगे, जिनमें से जिलाध्यक्ष की घोषणा होगी। इस तरह माना जा रहा है कि रिपोर्ट अगले तीन दिन में पहुंच जाएगी और इस महीने के आखिर में जिलाध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।
- ब्राह्मणों में सबसे ज्यादा और प्रबल दावेदार
भाजपा जिलाध्यक्ष की दौड़ में सबसे ज्यादा और प्रबल दावेदार ब्राह्मण माने जा रहे है। ब्राह्मणों में पांच से ज्यादा दावेदार जिलाध्यक्ष की लाइन में लगी है। इनके अलावा जाट, गुर्जर, जैन भी जिलाध्यक्ष का पद मांग रहे है। ऐसे में जिलाध्यक्ष को लेकर बागपत में अधिक खींचतान होती दिख रही है।