बड़ौत (बागपत)। सीओ कार्यालय के पीछे कुम्हारी कला में स्थित अस्थाई गोशाला में पानी और चारे की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दो गोवंश की मौत होने के कारण क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने इसकी सूचना एसडीएम को दी।
गोवंश की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार काफी कदम उठा रही है और उनके रहन-सहन के लिए पैसे भी उपलब्ध करा रही है, लेकिन बड़ौत में सीओ कार्यालय के पीछे कुम्हारी कला में बनाई गई अस्थाई गोशाला में गोवंश की मौत होने का मामला रुक नहीं पा रहा है। पहले भी यहां कई गोवंश की मौत हो चुकी है। बुधवार को जब सभासद ललित जैन वहां गोवंश को चारा खिलाने गए तो दो गोवंश मरे पड़े मिले। इसकी सूचना पर लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। इस संबंध में अधिकारियों को सूचना दी। इस संबंध में एसडीएम गुलशन कुमार का कहना है कि यह मामला गंभीर है, वे इसे दिखवा रहे हैं।