बड़ौत (बागपत)।
क्षेत्र के दर्जनों गन्ना क्रय केन्द्रों पर गत तीन-चार दिन से तौल कार्य बंद है। इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं समय से पर्चियां भी किसानों को उपलब्ध नहीं हो रही है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर किसानों में आक्रोश पनप रहा है और वे आंदोलन शुरू करने का मन बना रहे हैं।
किनौनी, मलकपुर, रमाला, खतौली आदि चीनी मिल के अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के बामनौली, बिजरौल, कंडेरा, दोघट, पुसार, बावली, कोताना, हिलवाड़ी, गुराना आदि सहित दर्जनों गांव से सैकड़ों किसानों को भुगतना पड़ रहा है। गांव में मिल के गन्ना क्रय केन्द्रों पर तीन-चार दिन से तौल कार्य बंद है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा विगत तीन-चार दिन सेे तौल कार्य बंद होने से उनका गन्ना खेतों में पड़ा सूख रहा है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
किसानों का आरोप है कि उन्हें समय रहते पर्चियां भी उपलब्ध नहीं हो रही है। जब पर्चियां मिलती है तो तौल कार्य बंद रहता है और जब पर्चियां नहीं मिलती, तो तौल कार्य सुचारु रहता है। उन्होंने समस्या को लेकर आक्रोश जताया और समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। चेतावनी देने वालों में ग्राम प्रधान छछरपुर अनिल कुमार एडवोकेट, राजेंद्र, यशपाल, भंवर सिंह, रणधीर, राजपाल, ओमपाल, कर्ण, संजीव, रामनरेश, राममेहर, जगदीश, राजवीर, उमेश, महिपाल, वेद सिंह आदि रहे।
मशीनरी की सफाई के चलते मलकपुर चीनी मिल 12 घंटे बंद
बड़ौत। मशीनरी की सफाई के चलते शनिवार को मलकपुर चीनी मिल 12 घंटे तक बंद रहा। इससे मिल में ट्रैक्टर-ट्राली और भैंसा-बुग्गी लेकर पहुंचे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों ने कहा बिना सूचना दिए मिल प्रशासन आए दिन बिना वजह मिल कर देता है, इससे उनकी गन्ने की फसल प्रभावित हो रही है। दूसरी तरफ जीएम कैन मुकेश मलिक ने कहा मशीनरी की सफाई के लिए सुबह 9:15 पर मिल बंद कर दिया , रात्रि में नौ बजे मिल चालू किया।