बागपत। फसलों को बर्बाद कर रहे बेसहारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर सरकारी स्कूलों में बंद करने का सिलसिला जारी है। चौगामा क्षेत्र के निरपुड़ा गांव में ग्रामीणों ने गोवंशीय पशुओं को पकड़ कर प्राथमिक विद्यालय नंबर एक और दो में बंद कर दिया। इस कारण स्कूल में शिक्षण व्यवस्था बाधित हो गई। छात्र-छात्राएं स्कूल के गेट से लौट गए। पुलिस टीम ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। लेकिन ग्रामीण नहीं माने। स्कूल के बाहर धरना देकर बैठ गए। वहीं निबाली और भगौट गांव में सरकारी स्कूलों में बंद आवारा गोवंशीय पशुओं को नहीं छोड़ा गया। स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह से ठप हो गई।
क्षेत्र के निरपुड़ा गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने आवारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर प्राथमिक विद्यालय नंबर एक और दो में बंद कर दिया। स्कूल खुलने के समय छात्र-छात्राएं और अध्यापक पहुंचे। लेकिन स्कूल के गेट पर ताला और अंदर गोवंशीय पशुओं को घूमते देख अध्यापकों ने छात्र-छात्राओं को वापस घर भेज दिया।
अध्यापकों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी बागपत और थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर दोघट थानाध्यक्ष अजय शर्मा और नायब तहसीलदार नसीम अहमद टीमों के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से पशुओं को स्कूल से बाहर निकालने के लिए कहा। लेकिन ग्रामीण नहीं माने। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन गोवंशीय पशुओं का प्रबंध नहीं करता है, तब तक गोवंश स्कूलों में ही बंद रहेंगे। ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर ही धरना भी शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गोवंशों के चारे और पानी का प्रबंध भी अंदर ही कर दिया गया है। इस मौके पर बिजेंद्र राणा, नहार सिंह दरोगा, निश्चय राणा, सोमपाल, नरेंद्र, भूरा, हरपाल, सहेंद्र, चांद, योगेश, जवाहर, मिंटू, सोनू, बाबा भोल्लर, तेजपाल, हरेंद्र, नीटू, सतबीर, बलजीत हरवीर आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में स्कूलों के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार और उत्तम सोलंकी ने बताया कि जब वे स्कूल पहुंचे तो स्कूल में गोवंशीय पशु घूम रहे थे। इस पर छात्र-छात्राओं को घर भेज दिया गया तथा अधिकारियों को इससे अवगत कराया गया। इस बारे में एसडीएम आशीष कुमार ने बताया कि गोवंशीय पशुओं का प्रबंध कराया जाएगा। स्कूल में गोवंशीय पशुओं को बंद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं दूसरी तरफ कोतवाली क्षेत्र के निबाली और चांदीनगर थाना क्षेत्र के भगौट गांव में सरकारी स्कूलों में बंद आवारा गोवंशीय पशुओं को नहीं छोड़ा गया। इससे स्कूलों में शिक्षण कार्य बाधित रहा।
पशुओं ने छह किसानों को घायल किया
बागपत। निरपुड़ा गांव के जंगल में फसल बर्बाद कर रहे गोवंशीय पशुओं को खेतों से भगाने गए कई किसानों को पशुओं ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायलों में राजपाल, राजवीर, हरवीर, सतेंद्र, प्रवेंद्र, जितेन्द्र को गंभीर हालत में निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बामनौली में किसान आज पकड़ेंगे गोवंशीय पशु
दोघट। बामनौली गांव में चौपाल पर आवारा गोवंशीय पशुओं को लेकर पंचायत हुई। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए ब्रजपाल सिंह ने कहा कि बेसहारा गोवंशीय पशुओं को किसानों के खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। शिकायत के बावजूद भी प्रशासन मामले के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है। निर्णय लिया कि बृहस्पतिवार को गांव के जंगलों में घूम रहे सभी बेसहारा गोवंशीय को घेरकर प्राथमिक विद्यालयों में बंद कर देंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। संचालन संजीव कुमार ने किया। इस मौके पर नरेश डायरेक्टर, रामबीर, प्रधान विरेश तोमर, पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह, सहेंद्र, बाबूराम, कृष्णपाल, वीरेंद्र, हरेंद्र, रामफल शर्मा, गजेंद्र सिंह, योगेंद्र, रोशनलाल, सुधीर, दिनेश, विकास आदि मौजूद रहे।