खेकड़ा (बागपत) दो दिवसीय किसान प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन कृषि विभाग के अधिकारियों ने सरकार की तरफ से किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
खेकड़ा खंड विकास कार्यालय में कृषि विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को दो दिवसीय किसान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। इसका शुभारंभ भूमि संरक्षण अधिकारी और बीडीओ खेकड़ा संदीप पाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस दौरान उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी डॉ. तेजबीर सिंह ने किसानों को सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश गुप्ता ने किसानों को पशुओं में होने वाली बीमारी के बारे में जागरूक कर उनसे बचाव और इलाज के बारे में जागरूक किया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने किसानों को सरसों फसल में लगने वाले कीटों और बीमारी के बारे में जानकारी दी। पूर्व सहायक विकास अधिकारी कृषि सत्यवीर सिंह ने किसानों को डीबीटी योजना की जानकारी दी। विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. कृत पाल सिंह ने किसानों को जैविक खेती अपनाने को कहा। प्रशिक्षण शिविर में मोनू त्यागी, राधेश्याम, धूमी सिंह, योगेश कुमार, अनिल कुमार, आनंद त्यागी, कृपाल सिंह, श्याम सिंह आदि रहे।