रमाला (बागपत)।
जिवाना गांव में मलकपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर तौल न होने से नाराज किसानों ने दिल्ली-सहारनपुर हाइवे एक घंटे तक जाम रखा। पुलिस ने किसानों समझाकर जाम खुलासा। क्रय केंद्र पर किसान धरने पर बैठ गए। मोबाइल फोन पर मिल अधिकारियों ने शुक्रवार को तौल चालू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान आंदोलन की चेतावनी देकर लौट गए।
बृहस्पतिवार को जिवाना गांव में मलकपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर सैकड़ों संख्या में किसान गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली और बुग्गी लेकर पहुंचे, लेकिन तौल बंद मिली। किसानों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रालियों को दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर खड़ी कर जाम लगा दिया। किसानों ने कहा तीन दिन से सेंटर पर तौल नहीं चली है। किसानों के खेतों में गन्ना सूख रहा है। किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खेतों में बहुत गन्ना खड़ा हुआ है। इसे किसान कहां लेकर जाएंगे। जाम की सूचना पर रमाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसानों को समझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवा दिया। इसके बाद किसान क्रय केंद्र पर धरना देकर बैठ गए। मोबाइल फोन पर मिल अधिकारियों ने किसानों से वार्ता की। आश्वासन दिया कि शुक्रवार को तौल चालू करा दी जाएगी। दोपहर 12 बजे तक धरने पर बैठने के बाद किसान चेतावनी देकर वापस लौट गए कि यदि शुक्रवार को तौल चालू नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा। इनमें जितेंद्र प्रधान, देशपाल, महक सिंह, पप्पू, बिल्लू, सतेंद्र, कालू, महीपाल आदि रहे।
जाम में फंसे यात्री रहे परेशान
रमाला। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। भीषण गर्मी में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी के कारण औरत और बच्चे परेशान हो गए । वाहन चालक दूसरे रास्ते से वाहनों को ले गए। किसानों के आंदोलन करने से हाइवे पर लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा।