अमीनगर सराय (बागपत)। कस्बे के बिजलीघर में रखे 10 एमवीए के एक ट्रांसफार्मर में आई खराबी अभी दूर नहीं हुई है। समुचित व्यवस्था अभी सोमवार देर शाम तक होने की उम्मीद जताई जा रही है। विद्युत निगम ने इधर-उधर से गांव और कस्बे को दो-चार घंटे मुहैया कराई है, लेकिन नियमित विद्युत सप्लाई नहीं होने से क्षेत्र में हजारों की संख्या में लघु उद्योग धंधे ठप हैं। बिजली सप्लाई सही नहीं आने के कारण ग्रामीण और कस्बावासियों में विद्युत निगम के खिलाफ रोष बढ़ रहा है।
बृहस्पतिवार की रात में 132 केवीए के बिजलीघर में रात में 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के बाद आग लग गई थी। इसके बाद कर्मचारियों ने रात में ही दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी। कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। रविवार को दोपहर बाद भी फूंके ट्रांसफार्मर को विद्युत निगम की टीम ने सही नहीं हुई। इससे कस्बे सहित 17 गांवों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।
बिजली नहीं आने से हा-हाकार मचा है। गर्मी के कारण लोग बिलबिला रहे हैं। बिजली नहीं होने के कारण कस्बे में चलने वाले हजारों की संख्या लघु उद्योग धंधे पूरी तरह ठप पड़े हैं। इससे हजारों मजदूर भी परेशान हैं। बिजली नहीं होने के कारण पशुओं को चारा और घरों में पेयजल आपूर्ति का संकट पैदा हो गया है। विद्युत निगम आसपास के बिजली घरों से कस्बे और गांव में दो-चार घंटे भी पूर्ति नहीं हो पा रही है। कस्बावासी कंवर पाल, ईश्वर दयाल, ओमपाल, शिवकुमार, जितेंद्र, रोजूद्दीन, ओमबीर सिंह ने अधीक्षण अभियंता से हस्तक्षेप कर जल्द बिजली को व्यवस्थित कराने की मांग की।
दूसरी तरफ फूंका ट्रांसफार्मर को सही करने में विद्युत निगम के कर्मचारी रविवार को भी दिन भरे लगे रहे। विद्युत निगम के अफसर सोमवार को देर शाम तक विद्युत सप्लाई ठीक होने संभावना जता रहे हैं। उधर, एसडीओ राणा प्रताप ने कहा कि दूसरा ट्रांसफार्मर रखा गया है। कर्मचारी उसे लगाने में लगे हैं। सोमवार को देर शाम तक पूर्व की भांति विद्युत सप्लाई होने की संभावना है। इस ट्रांसफार्मर से जहां भी बिजली सप्लाई प्रभावित है, वहां पर समयानुसार लाइट दी जा रही है।
किसने क्या कहा
श्रीचंद गौतम ने कहा कि ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण बिजली से पहले ही परेशान है। समस्या का समाधान होना चाहिए।
संजय मित्तल ने विद्युत निगम की अनदेखी के कारण कस्बे को कम मात्रा बिजली दी जा रही है। कस्बे के लोग सबसे ज्यादा बिल दे रहे हैं, इसके बाद भी सप्लाई कम है।
पंडित जगदीश शर्मा ने कहा तीन दिन से बिजली नहीं आ रही है। इससे परेशानी हो गई है। शिकायत करने के बाद विद्युत निगम के अफसर लापरवाही बरत रहे हैं।
मुकेश शर्मा ने कहा कि कस्बे में बिजली का संकट गंभीर हो गया है। अभी भी पूरी तरह लाइट आने के आसार नहीं लग रहे हैं। जो व्यवस्था की है वो नाकाफी है। कस्बे का विशेष ध्यान दिया जाए।