शिक्षकों के हकों के लिए करेंगे आंदोलन : वीरेंद्र सिंह
बड़ौत। विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को बावली रोड पर शिक्षकों की बैठक आहुत हुई। इसमें समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए मंथन किया गया। साथ ही निदान कराने के लिए शिक्षा विभाग के अफसरों से वार्ता करने का निर्णय लिया गया।
शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सिंह के आवास पर हुई बैठक में शिक्षकों ने भाग लिया। शिक्षक नेता वीरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों का शोषण सहन नहीं होगा। जब तक शिक्षकों की मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन होगा। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के वित्त एवं लेखाधिकारी मोतीलाल गुप्त द्वारा 15 दिन पूर्व यमुना इंटर कॉलेज बागपत को 22 लाख 25 हजार तथा जनता वैदिक इंटर कालेज को 12 लाख 88 हजार की धनराशि बोर्ड की कापियां जांचने वाले शिक्षकों के भुगतान के लिए भेजी जा चुकी है। लेकिन अभी तक जनपद के किसी भी परीक्षक को भुगतान नहीं किया गया। इसके अलावा अप्रैल माह का वेतन भुगतान केवल 38 विद्यालयों के शिक्षकों को ही किया गया जबकि अभी 33 विद्यालयों के शिक्षकों को अभी तक वेतन भुगतान नहीं हो सका। प्रचार मंत्री अजयराज शर्मा ने बताया कि अभी हाल में प्रदेश सरकार द्वारा नई पेंशन योजना के सरकारी अंशदान की आवंटित 70 लाख की धनराशि भी शिक्षकों के खातों में नहीं भेजी गई। बैठक में सभी समस्याओं के निस्तारण को लेकर शिक्षा विभाग के अफसरों से वार्ता करने का निर्णय लिया गया।