बागपत। नगर पालिका ने शहर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखने पर 15 व्यापारियों के चालान किए और सामान जब्त किया। इस दौरान व्यापारियों की पालिका कर्मचारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। व्यापारियों ने पालिका पर बिना नोटिस दिए अतिक्रमण हटाने का आरोप लगाया।
बुधवार को नगर पालिका ने शहर के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। होली चौक से अभियान की शुरूआत की। रोड के बीच में ठेली खड़ी करने वाले लोगों को वहां से खदेड़ा गया। निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद पालिका के कर्मचारी शौकत मार्केट पहुंचे, यहां पर व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों ने कहा किसी भी प्रकार से कोई नोटिस नहीं दिया। इसे लेकर नोकझोंक हुई। पालिका पर पक्षपात करने का भी आरोप लगाया। कर्मचारियों के सामने व्यापारियों की एक नहीं चली। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता रहा। 15 व्यापारी ऐसे थे, जिन्होंने निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखा था। कर्मचारियों ने उनके सामान को जब्त कर चालान काट दिए। वहीं चेतावनी दी निर्धारित सीमा में ही सामान रखे। अधिशासी अधिकारी ललित कुमार आर्य ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में 15 व्यापारियों के चालान किए हैं।
भट्ठी उठाते ही रोने लगा बच्चा
शहर के वंदना चौक पर स्थित एक होटल के बाहर भट्ठी रखी हुई थी, इसे कर्मचारियों ने जब्त कर लिया। भट्ठी उठाते ही होटल पर बैठा एक बच्चा रोने लगा। कर्मचारियों से भट्ठी रखने की मांग की।
ग्राहक की उठा ली साइकिल
शौकत मार्केट में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कर्मचारियों द्वारा व्यापारियों के सामान को उठाया जा रहा था। तभी एक ग्राहक की साइकिल को भी जब्त कर लिया था। इसके बाद ग्राहक ने वहां हंगामा कर दिया। बाद में उसे साइकिल दे दी।
व्यापारी और ठेली वालों में हड़कंप
नगर पालिका की टीम के बाजार में पहुंचते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया था। मार्ग के बीच में ठेली लगाने वालों इधर-उधर दौड़ने लगे थे। व्यापारियों ने अपने सामान सामने शुरू कर दिए थे।