मांगरौल गांव में पुसार-रंछाड़ मार्ग पर बिजली का खंभा टूटकर गिरने से भगदड़ मच गई। कई ग्रामीण खंभे की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। इससे नाराज ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर जर्जर विद्युत खंभों को बदलवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पुसार-रंछाड़ मार्ग पर 10 खंभे जर्जर हाल में हैं। खंभे लोहे के होने के कारण पूरी तरह से गल चुके हैं। रविवार को एक खंभा टूटकर मार्ग पर गिर गया। वहां से गुजर रहे कई ग्रामीण खंभे की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। खंभा टूटने के बाद भी आधा घंटे तक बिजली के तारों में करंट दौड़ता रहा। खंभा टूटने से यह मार्ग जाम हो गया। इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन भी रहता है। ग्राम प्रधान इमरान त्यागी मौके पर पहुंचे। प्रधान ने बताया कि कई सालों से विद्युत खंभे व लाइल जर्जर हाल में है। कई बार विद्युत अधिकारियों से शिकायत की गई, आज तक जर्जर खंभे नहीं बदले गए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जर्जर खंभों को नहीं बदला गया तो उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसमें सुनील, किरणपाल, राम सिंह, राम सिंह, मांगेराम कश्यप, साहिद हसन, मिंटू कश्यप, महमूद हसन, राममूर्ति कश्यप शामिल रहे।