दोघट (बागपत)। बामनौली गांव में दलित समाज के लोगों के धर्म परिवर्तन की धमकी देने के मामले में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने गांव पहुंचकर पीड़ितों से बातचीत की। उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद के धर्म प्रसार प्रमुख इंद्र दास महाराज, जिलाध्यक्ष रविंद्र जैन, जिला मंत्री पप्पन राणा बामनौली गांव पहुंचे और दलित समाज के लोगों से बातचीत की। दलित समाज के लोगों ने उन्हें बताया 1976 में दलित वर्ग को पट्टे मिले थे, लेकिन चकबंदी के दौरान उनके पट्टे उनकी मूल जोत की जमीन की जगह नहीं दिए । अधिकांश पट्टों की जमीन दबंगों के बीच लगा दी। उनकी जमीन की कम कीमत लगाई । जबकि जो जमीन उन्हें दी जा रही है वह ऊंची कीमत लगाकर उन्हें कम दी जा रही हैं। वे सभी लोग अपनी जमीन पास पास ही चाहते हैं। अधिकांश जमीन पर दबंगों का कब्जा है। विहिप ने कहा अब धर्म परिवर्तन करने की जरूरत नहीं है। आपकी लड़ाई सिस्टम से है। इसे एकजुट होकर लड़े। विहिप आप लोगों के साथ है। किसी भी कीमत पर दलित समाज का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। समाज के पीड़ित लोगों को न्याय दिलाया जाएगा। इसमें सुरेश पाल, रामकिशोर, विनोद, ब्रजपाल, कृष्णपाल, यशवीर, सुक्रम पाल, रविंद्र, राज कुमार आदि रहे।