बड़ौत (बागपत)।
न्यायालय के आदेश के बाद भी तहसील क्षेत्र में तालाबों पर अतिक्रमण न हटाने का खामियाजा स्थानीय ग्रामीण भुगत रहे है। जल निकासी न होने के कारण ग्रामीण परेशान है।
तहसील क्षेत्र में 816 तालाब है। इनमें 217 पर अतिक्रमण है। बार-बार गांव के लोग तहसील पहुंचकर धरने-प्रदर्शन करते हैं, लेकिन प्रशासन तालाबों से अतिक्रमण हटाने में कामयाब नहीं हो रहा है। तहसील क्षेत्र के बिजरौल, हिलवाड़ी, मलकपुर, बावली, जौनमाना, जलालपुर, वाजिदपुर, बड़ौली, ट्यौढ़ी, दाहा, दोघट, भड़ल, निरपुड़ा व अन्य गांवों में तालाबों पर अतिक्रमण होने के कारण पानी निकासी न होने पर गांव में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और संक्रामक रोग भी फैल रहे हैं। कई गांव में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के प्रयास किए, लेकिन उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। गांव वाले जलभराव की स्थिति से परेशान हैं और वे अधिकारियों को शिकायत करते थक गए, लेकिन कोई हल नहीं निकला। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया 217 तालाबों पर अतिक्रमण है। उन पर निशान लगाकर उन्हें चिन्हित भी कर लिया गया है। शीघ्र ही एक-एक कर तालाबों से अतिक्रमण हटाने का काम सख्ती से शुरू किया जाएगा।