यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को राष्ट्रीयकृत बैंकों में हड़ताल रही। इससे 80 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ। उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कहीं, एटीएम सहारा बना तो कहीं ताले लटके रहे।
मंगलवार को बैंकों पर ताले लटके रहे। उपभोक्ता लेन-देन के लिए भटकते नजर आए। कई बैंकों के एटीएम पर भी ताले लटके मिले। बैंक कर्मचारी विनीत, सौरभ, प्रदीप, ओमपाल, शिवकुमार, अनिल, जितेंद्र ने बताया कि नोटबंदी के दौरान उन्होंने जो अतिरिक्त कार्य किया था उसका भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। बैंकों में दूसरे राज्यों से कर्मचारी बुलाकर उन्हें तैनात करने की तैयारी चल रही है, जिसका विरोध किया जा रहा है। लोन लेकर जमा न करने वाले डिफाल्टरों के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाए, जैसी मांगों को लेकर हड़ताल पर है। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी मांगों को दरकिनार किया जा रहा है। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से बैंकों को करीब 80 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा। बैंकों में किसी भी तरह का कामकाज नहीं हुआ है। एलडीएम राजू पीवी ने बताया कि हड़ताल से करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है। बुधवार से सभी बैंक अपने निर्धारित समय पर खुलेंगे।