मैच के चक्कर में कंपाउंडर ने बच्ची को दी ओवरडोज
बड़ौत (बागपत)। नगर की गांधी रोड स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां पर बीती रात उस समय हंगामा हो गया जब 22 दिन की नन्हीं सी बच्ची को मैच के नशे में चूर कंपाउंडर ने उसे ओवरडोज इंजेक्शन लगा दिया। इससे बच्ची की तबियत बिगड़ गई और वह घंटों तक बेहोशी हालत में रही। आक्रोशित परिजनों ने कंपाउंडर की धुनाई की। हालांकि बाद में बच्ची के होश में आने पर मामला शांत हो गया।
पीड़ित धनंजय नगर का रहने वाला है। उसके यहां पर 22 दिन पूर्व एक नन्हीं सी बच्ची ने जन्म लिया था। बृहस्पतिवार देर शाम अचानक बच्ची की तबियत बिगड़ गई तो उसने नगर की गांधी रोड स्थित निजी चिकित्सक के यहां बच्ची को भर्ती कराया। आरोप है कि जब भारत और बांग्लादेश के बीच मैच चल रहा था तो एक कंपाउंडर ने बच्ची को ओवरडोज इंजेक्शन दे दिया। बच्ची के बेहोश होने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हंगामा करते हुए कंपाउंडर की जमकर धुनाई की। इस दौरान परिजनों ने डाक्टर को भी जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान बच्ची के होश आने पर मामला शांत हुआ। वहीं ने भविष्य में दोबारा ऐसी गलती न करने माफी मांगी।