बागपत। ट्यौढ़ी गांव के किसानों ने मलकपुर चीनी मिल का गन्ना क्रय केन्द्र बंद होने के विरोध में शनिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। तौल बंद होने से किसान परेशान हैं। एडीएम से शिकायत कर तौल शुरू कराने की मांग की।
शनिवार को ट्यौढ़ी गांव के दर्जनों किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि गांव में मलकपुर चीनी मिल का क्रय केंद्र लगा हुआ है। पिछले कुछ दिन से यह तौल केंद्र बंद पड़ा हुआ है और पहले भी कभी चलता था और कभी नहीं। वहां नियमित रूप से क्रय केंद्र नहीं चलने के कारण किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गन्ने की तौल नहीं होने के कारण उनका गन्ना खेतों में खड़ा हुआ है और किसान गेहूं की बुुुआई तक नहीं कर पा रहे हैं, इससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वह कई बार मिल अधिकारियों से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द ही गन्ना क्रय केन्द्र चलवाने की मांग की, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इसमें अर्चना देवी, करतार सिंह, आशीष कुुमार, महेश शर्मा, मनोज शर्मा, संजय शर्मा, सुनील शर्मा, राजेश कुमार, सत्यवीर, ब्रहम दत्त, राधेश्याम शर्मा, जनेश, नरेश, जय सिंह, सूरज मल, देवेंद्र शर्मा, मदन, सहंसर पाल आदि रहे।