बागपत। बचपन में ही आंखों की रोशनी गंवाने वाले 24 साल के पैरा एथलीट अंकुर धामा को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अर्जुन अवार्ड से नवाजा तो जिलेभर में खुशी छा गई। खिलाड़ियों ने अंकुर की कामयाबी को हौसले की उड़ान बताया। युवाओं के लिए यह प्रेरणा साबित होगी।
खेकड़ा में करीब 20 साल पहले एथलीट अंकुर धामा की आंखों में होली के दिन रंग चला गया था, इस वजह से अंकुर की आंखों की रोशनी चली गई । मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बागपत के जांबाज एथलीट को अर्जुन अवार्ड से नवाजा तो जिला गौरवान्वित किया। बागपत के लिए खुशी का दिन था। जिले के हिस्से में यह छठा अर्जुन अवार्ड है। इससे पहले पहलवान सुभाष तोमर, शोकेंद्र तोमर, राजीव तोमर, सुनील राणा, शूटर विवेक सिंह को अर्जुन अवार्ड मिल चुका है। अंकुर धामा के परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। भाई गौरव धामा, मां संतोष देवी ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई। परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा है। चेयरमैन संगीता धामा और उनके प्रतिनिधि अंकुर धामा ने भी परिवार को घर पर पहुंचकर बधाई दी। रालोद नेता चौधरी भोपाल सिंह के अलावा, नेपाल सिंह, सुधीर सिंह, मिंटू, विनय कुमार, संदीप कुमार, अशोक कुमार मौजूद रहे।
अंकुर ने हौसले से बागपत को कर दिया रोशन
बागपत। अंकुर के भाई गौरव धामा ने बताया कि पांच साल की उम्र में अंकुर की आंखों में रंग चला गया। तमाम इलाज कराया, लेकिन रोशनी नहीं लौटी। परिवार ने उसका दाखिला दिल्ली के लोदी रोड स्थित जेपीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल फॉर ब्लाइंड में करवा। यहीं से अंकुर की जिंदगी बदल गई। शिक्षकों ने अंकुर के खेलों के प्रति रुझान को देखकर उसे दौड़ में भाग लेने को प्रेरित किया। अंकुर ने खेल के मैदान पर यह साबित किया कि इच्छाशक्ति से बड़ी कोई ताकत नहीं होती।
नौ साल में अर्जुन अवार्ड तक पहुंचा गया दिलेर
बागपत। अंकुर को पहली बार बड़ी कामयाबी साल 2009 में मिली। वर्ल्ड यूथ एंड स्टूडेंट चैंपियनशिप में अंकुर धामा ने दो गोल्ड मेडल जीतकर पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोहा मनवाया। अंकुर धामा ने साल 2014 में एशियन पैरा गेम्स में एक सिल्वर और दो कांस्य मेडल जीते। जकार्ता में इस बार अक्तूबर माह में होने जा रही पैरा एशियन खेलों में अंकुर धामा 1500 मीटर और पांच हजार मीटर दौड़ में भाग लेगा।
यूनियन बैंक में अधिकारी हैं अंकुर
बागपत। दिव्यांग एथलीट अंकुर धामा पढ़ाई के मैदान पर भी युवाओं के लिए प्रेरणा है। आईबीपीएस की ओर से आयोजित होने वाली पीओ की परीक्षा में अंकुर धामा ने सफलता हासिल की थी। उसके भाई गौरव धामा ने बताया कि परीक्षा में चयन के बाद यूनियन बैंक की दिल्ली स्थित शाखा में सहायक मैनेजर के पद पर तैनात किया गया है।
शोकेंद्र तोमर ने दी बधाई
बागपत। राष्ट्रपति भवन में मौजूद बागपत के अर्जुन अवार्डी पहलवान शोकेंद्र तोमर ने अंकुर धाम को कामयाबी पर बधाई दी। तोमर ने कहा कि युवाओं के लिए अंकुर की कामयाबी बड़ी है।