बड़ौत (बागपत)। केंद्र और प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप शनिवार को तहसील परिसर में आपूर्ति विभाग ने तहसील क्षेत्र के राशन डीलरों की बैठक बुलाई, इसमें राशन डीलरों को बायो मैट्रिक मशीन के बारे में जानकारी दी गई। कुछ राशन डीलरों ने बायो मैट्रिक मशीन का विरोध भी किया।
काफी समय से कार्डधारकों द्वारा तहसील, डीएम मुख्यालय पर शासन स्तर पर शिकायत की जा रही थी कि क्षेत्र के राशन डीलर उन्हें यूनिट के हिसाब से राशन नहीं दे रहे हैं और बचे राशन की कालाबाजारी कर रहे हैं। कई बार शिकायत पर जांच कर राशन डीलरों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसकेे बावजूद राशन डीलर दुकान बहाली करा लेते थे। शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राशन वितरण मेें पारदर्शिता लाने के लिए सभी राशन डीलरों के यहां पर बायो मैट्रिक मशीन से राशन वितरण योजना का प्रावधान किया है। शनिवार को आपूर्ति विभाग द्वारा तहसील क्षेत्र केे राशन डीलरों की बैठक बुलाई गई, इस दौरान आरओ सूर्यप्रकाश पाठक, सप्लाई इंस्पेक्टर राहुल पटेल, स्पेशल ट्रेनर आसिफ खान व जगमोहन ने राशन डीलरों को बारी-बारी बायो मैट्रिक मशीन के उपयोग व राशन वितरण की विधि की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में राशन डीलर कुशल पाल, सुधीर दांगी, जितेंद्र, पूनम, विक्रम, प्रदीप आदि रहे।