बागपत। पहाड़ों में हो रही बारिश के बाद यमुना नदी में हथनी कुंड बैराज से 16108 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद यमुना का जल स्तर बढ़ जाएगा। ज्यादा पानी छोड़ा तो बाढ़ नियंत्रण चौकियों को अलर्ट जारी हो जाएगा।
हथनी कुंड बैराज से सोमवार को 16108 क्यूसेक पानी छोड़ा है। बारिश नहीं रुकी तो और भी पानी छोड़ा जाएगा। ड्रनेज खंड शामली-मुजफ्फरनगर के सहायक अभियंता अशोक कुमार ने बताया पहाड़ों में हो रही बारिश के बैराज से सुबह आठ बजे 8864 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद 12 बजे 5562, दो बजे 11286, तीन बजे 5565 क्यूसेक पानी छोड़ा। चार बजे तक यमुना में 16108 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका था। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासन की हर स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। बारिश के शुरू होते ही सभी बाढ़ चौकियां को अलर्ट पहले ही जारी किया जा चुका है।