बागपत। प्रभारी सीडीओ हुब लाल ने घिटौरा के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां उन्हें 29 बच्चों में 17 अनुपस्थित मिले। बच्चे सवालों के जवाब भी नहीं दे पाए। सीडीओ ने शिक्षा के निमभन स्तर पर नाराजगी जाहिर करते हुए बीएसए को स्तर सुधारने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को घिटौरा गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर तीन में प्रभारी सीडीओ हुब लाल ने निरीक्षण किया। कक्षा एक में चार छात्र पंजीकृत थे, इसमें तीन उपस्थित मिले। कक्षा दो में छह में से तीन, कक्षा तीन में नौ पंजीकृत थे, एक भी नहीं मिला, कक्षा चार में सात बच्चों में चार उपस्थित मिले, कक्षा पांच में तीन पंजीकृत छात्र-छात्राओं में दो उपस्थित मिले। सीडीओ ने बताया कि बच्चों से अंग्रेजी की किताब पढ़वाई गई, कोई बच्चा किताब नहीं पढ़ सका। अन्य विषयों के सवाल पूछे, उसका भी जवाब नहीं दे पाए। 29 छात्रों पर एक सहायक अध्यापक और दो शिक्षामित्र मिले। शिक्षा की निम्न गुणवत्ता पर नाराजगी जाहिर की। प्रभारी सीडीओ हुब लाल ने बताया कि बीएसए से शिक्षा की गुणवत्ता को सुधार करने के निर्देशित किया।