बड़ौत (बागपत)। रंछाड़ गांव में पिछले दिनों आई आंधी के चलते बिजली के खंभे टूटकर गिरने और ट्रांसफार्मर गिरने के बाद शिकायत करने के बाद भी विद्युत कर्मचारियों ने इन्हेें ठीक नहीं किया। इससे 35 नलकूप प्रभावित हैं। इसे लेकर ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
आठ मई को आई आंधी के चलते गांव में एक ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया था और 11 हजारी का पोल भी टूटकर गिर गया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी की, लेकिन कोई विद्युत कर्मी गांव में नहीं आया। बाद मेें ग्रामीणों ने खुद लकड़ी की बल्ली लगाकर तार लगा दिया। जबकि तारों में करंट चल रहा है, इससे बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं ट्रांसफार्मर गिरने से गांव में 35 नलकूप बंद हैं। इससे किसानों को खेतों में पानी देने में परेशानी हो रही है, इसको लेकर नाराज किसानों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसमें रविंद्र हट्टी, सुदेश, महक सिंह, वीरपाल, ओम सिंह, अमित, राजेंद्र आदि शामिल रहे। दूसरी तरफ विद्युत निगम के एसडीओ सुधाकर ने कहा विगत दिनों आंधी से हुए क्षेत्र में हुए नुकसान का आंकलन कर सामान की मांग की गई है, सामान मिलते ही संबंधित स्थानों पर सामान लगा दिया जाएगा। उन्होंने सोमवार तक सामान के गोदाम में आने की उम्मीद जताई है।