बड़ौत (बागपत)। बावली गांव सहित ब्लाक के कई गांवों में सैकड़ों सरकारी हैंडपंप ठप पड़े होने से ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट गहरा गया है। बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक नहीं किया जा रहा है।
बावली गांव में एक दर्जन से अधिक सरकारी हैंडपंप चार माह से ठप पड़े हैं। इससे ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट गहरा गया है लेकिन न तो जल निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान दे रहे है और न ही ब्लाक अधिकारी। ग्रामीणों ने हैंडपंपों को शीघ्र ठीक न कराए जाने पर बड़ौत तहसील पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है।
उधर वाजिदपुर, लोहड्डा, ढिकाना, जौनमाना गांवों में भी हैंडपंप खराब होने से लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि गर्मी का सीजन शुरू हो चुका है। लेकिन बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बीडीओ प्रेमचंद का कहना था कि कई बार जल निगम के अधिकारियों से गांव में जाकर खराब पड़े हैंडपपों को ठीक करने का अनुरोध किया जा चुका है। चेतावनी देने वालों मेें ब्रजपाल, सुनील जैन, राजीव धामा, भोपाल, तेजपाल आदि शामिल है।