सीएचसी शुरू करने के लिए धरना दिया
बड़ौत। आपकी अपनी समिति के कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर धरना दिया और सामुदायिक स्वास्थ केंद्र टीकरी को सुचारु रूप से चलवाने की मांग की। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
समिति के अध्यक्ष अरुण राठी के नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि टीकरी कस्बे में दो वर्षों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन बनकर तैयार है जो अभी तक सुचारु रूप से नहीं चल पाया है। इसे चलवाने के लिए क्षेत्रवासियों ने 10 दिनों धरना और चार दिनों तक भूख हड़ताल की थी। एसडीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को शीघ्र चालू कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक इसे चालू नहीं कराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में सीएचसी शुरू नहीं हुआ तो फिर से भूख हड़ताल शुरू कर देंगे। बाद में उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर पंकज राठी, आनंद प्रकाश, रोहित राठी, राहुल तोमर, आबिद आदि उपस्थित रहे।